हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिकों को समाज में सम्मान और सक्रिय भूमिका देने की दिशा में एक नई पहल के तहत हल्द्वानी में पहली बार दो दिवसीय ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राज्य सरकार की उस परिकल्पना का हिस्सा है, जिसमें बुजुर्गों को सम्मान के साथ-साथ उनकी प्रतिभा और सक्रियता को मंच प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 29 अप्रैल को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में खेल प्रतियोगिताओं के साथ होगी, जहां वरिष्ठ नागरिक फुटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों में अपनी फिटनेस और जोश का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अजय भट्ट मौजूद रहेंगे, जबकि अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
इसके बाद 30 अप्रैल को रामपुर रोड स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में मुख्य सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 चयनित वरिष्ठ नागरिकों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित करेंगे। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए भोजन की व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे आयोजन को उत्सव का रूप दिया जाएगा। इस अनूठे आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और इसे बुजुर्गों के सम्मान व सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





