- SIT जांच में CCTV से खुला राज, थाली भेंट की नकदी, सोना-चांदी के सिक्के और अन्य सामग्री ले जाते मिला आरोपी
चमोली। श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हुई इस गिरफ्तारी को मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े संवेदनशील मामले में अहम कार्रवाई माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 306 और 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विभागीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर थाली भेंट गणना स्थल से नकदी और अन्य भेंट सामग्री चोरी-छिपे अपने निजी लाभ के लिए ले जाने के आरोप सामने आए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में गठित SIT ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी कई बार गणना कक्ष से ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर और जेब में रखकर बाहर ले जा रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 12 जुलाई की रात देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है, जबकि मामले की जांच अभी भी जारी है।





