- 25 मीटर गहरी खाई में गिरे दोनों वाहन, बाइक सवार गंभीर घायल, चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह
हल्द्वानी। नैनीताल मार्ग पर भुजियाघाट के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में टवेरा कार और बुलेट बाइक करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। काठगोदाम कोतवाल जसवीर चौहान ने बताया कि डायल-112 पर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर टवेरा कार (यूके 04 टीए 3921) और बुलेट बाइक (यूके 04 वाई 6350) खाई में गिरी मिली। घायल बाइक चालक की पहचान पुराण चंद्र जोशी पुत्र रेवाधार जोशी, निवासी भगवानपुर, मुखानी के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टवेरा कार काठगोदाम से भुजियाघाट की ओर जा रही थी, जबकि बाइक विपरीत दिशा से हल्द्वानी की ओर आ रही थी। आरोप है कि टवेरा चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी लेन छोड़ दी और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।







