- 20 हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा, पेपर लीक, SIR और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व को लेकर कांग्रेस के तीखे हमले
हल्द्वानी। कांग्रेस ने शनिवार को होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित जनसभा से पहले हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि खड़गे की जनसभा में 20 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे और इसी मंच से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की जनसभा ऐतिहासिक होगी और यह उत्तराखंड की राजनीति में नई दिशा तय करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री स्वयं अपने लिए सुरक्षित विधानसभा सीट तलाश रहे हैं, जिससे भाजपा की स्थिति स्पष्ट हो रही है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड आज पेपर लीक की राजधानी बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ कर रही है।
उनका दावा था कि पूरे देश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और उत्तराखंड में भी जनता बदलाव का मन बना चुकी है। शैलजा ने यह भी कहा कि भाजपा के कई विधायक और कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं और अंदरूनी असंतोष लगातार बढ़ रहा है। प्रेस वार्ता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर लोगों में आशंकाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों में मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप लग चुके हैं और उत्तराखंड में भी ऐसी संभावनाओं को लेकर जनता चिंतित है। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सभी पात्र मतदाताओं के हितों की रक्षा करने वाली बनाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शनिवार को हल्द्वानी में होने वाली मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि प्रदेश में बदलाव का संदेश देने वाला बड़ा आयोजन साबित होगी। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनसभा को सफल बनाने का आह्वान भी किया।






