- गैंगवार की साजिश नाकाम, पुलिस पर फायरिंग के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार, एक फरार, हथियार और कार बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंहनगर पुलिस ने संभावित गैंगवार की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए रविवार को हुई मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले गिरोह के दो अन्य शातिर अपराधियों को भी दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम को सूचना मिली थी कि गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी जितेंद्र चौधरी अपने साथियों के साथ डिबडिबा क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी गैंग पर जानलेवा हमला करने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाफरपुर कट के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश कार लेकर भाग निकले, लेकिन यूनिटी लॉ कॉलेज के पास वाहन अनियंत्रित होकर तारबाड़ से टकरा गया। इसके बाद बदमाश खेतों और बाग की ओर भाग गए तथा पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल जितेंद्र चौधरी, सुमित राठौर और चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली फरार हो गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी हाल के चर्चित गाबा चौक फायरिंग कांड और पुलभट्टा गोलीकांड का मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार कांबिंग और दबिश दी जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस पर हमला करने वालों और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।







