- हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में सदस्यता कार्यक्रम
- नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नए सदस्यों का किया स्वागत, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में युवा नेता शीलू कुमार और सपना कुमारी समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी नेता मौजूद रहे। इस दौरान नए सदस्यों ने कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के साथ जुड़ने की घोषणा की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और स्वागत करते हुए कहा कि नए लोगों के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी का विशेष फोकस युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक और सांगठनिक पकड़ मजबूत करने पर है। कांग्रेस का दावा है कि लगातार नए लोगों के पार्टी से जुड़ने से कार्यकर्ताओं का आधार बढ़ रहा है, जिसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में मिल सकता है। सदस्यता अभियान को कांग्रेस की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी जहां एक ओर नए चेहरों को संगठन में जगह दे रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद भी तेज कर रही है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का यह संगठन विस्तार अभियान कितना असरदार साबित होता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।




