हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी क्षेत्र में गुरुवार शाम दो युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बहस के बाद हुई मारपीट के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। शहर के तीनपानी स्थित सोनकर फार्म के पास शनि मंदिर क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
हमले में घायल युवक की पहचान अमन प्रकाश के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मंडी चौकी पुलिस और हल्द्वानी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घायल युवक का इलाज चल रहा है और हमलावर घटना के बाद फरार हो गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि चाकूबाजी की घटना किन कारणों से हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।






