देहरादून। देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेलते-खेलते पानी निकासी की नाली में नहाने गई दो सगी बहनें तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर तो निकाल लिया, लेकिन तब तक दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की पानी निकासी की नाली में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चियों को रैंप के नीचे से बाहर निकाल चुके थे। चिकित्सकीय परीक्षण में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे राजेश मित्तल ने क्लेमेंटटाउन थाने को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर नई बस्ती के पास पानी निकासी की नाली में दो बच्चियां तेज बहाव में बहकर ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान सात वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और तीन वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटियां दोपहर में घर के बाहर बनी पानी निकासी की नाली में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आने से दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियां दिखाई नहीं देने पर खोजबीन की गई तो बड़ी बेटी की टांग रैंप के नीचे दिखाई दी। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रीना कुमारी और उनके पति रुदल सदा मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले के निवासी हैं और नई बस्ती में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी कार्य से बिहार गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







