देहरादून। शहर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ा प्रहार करते हुए एक हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के पास एक निजी मकान में बड़े स्तर पर संचालित हो रहे जुए के खेल पर पुलिस ने अचानक छापेमारी कर एक अमेरिकी नागरिक सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से लाखों रुपये की नकदी, अमेरिकी डॉलर, ताश की गड्डियां, डाइस और जुए में इस्तेमाल होने वाली चिप्स बरामद की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राजपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राजपुर क्षेत्र में संचालित अवैध जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि हेलीपैड के समीप एक निजी मकान में बड़े पैमाने पर जुए का खेल चल रहा है, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी डालनवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर चार अलग-अलग टेबलों पर जुआ खेलते हुए 13 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 52 हजार 870 रुपये की नकदी, 41 अमेरिकी डॉलर, 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस और 118 जुआ चिप्स बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार यह जुआ लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि जुए के इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इसकी आर्थिक गतिविधियां किस स्तर तक फैली हुई थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में अवैध गतिविधियों, संगठित अपराध और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







