हल्द्वानी। गर्मी के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई पिज़्ज़ा स्टोर्स पर अचानक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्टोरेज व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों में व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई और संचालकों को साफ निर्देश दिए गए कि ग्राहकों को केवल ताजा और स्वच्छ भोजन ही परोसा जाए।
खाद्य पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि यह अभियान आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार के बासी या अस्वच्छ भोजन से लोगों की सेहत पर खतरा न हो।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहरभर में औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे। इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि अब खाद्य गुणवत्ता के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







