हल्द्वानी। मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी गेट के बाहर चल रहे श्रमिक आंदोलन ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जब पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु को पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए और गर्मा गया।
वहीं छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल और आंदोलनकारी पीयूष जोशी को पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में लेकर काठगोदाम ले जाया गया। अन्य कई नेताओं को भी पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया है।हिरासत की कार्रवाई के बाद आंदोलनकारियों के परिजन और समर्थक काठगोदाम पहुंच गए, जहां उन्होंने पुलिस पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की गई है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।







