देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देहरादून और ऊधम सिंह नगर जनपद में 9 जुलाई (गुरुवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 9 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनजर देहरादून और ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने एहतियातन शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए 9 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी ने भी मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में भारी वर्षा के कारण जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले किसी भी विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।







