हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्र-छात्राओं का ₹15 हजार मासिक स्टाइपेंड की मांग को लेकर आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने मेडिकल कॉलेज गेट से पैदल मार्च निकालकर अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद की। मार्च सिंधी चौराहा होते हुए रामपुर गेट पहुंचा, जिसके बाद छात्र राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर लौटे और धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अब तक कोई स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से वे शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के समक्ष ₹15 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के अनुसार वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के एलाइड हेल्थ केयर विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड नहीं मिला है। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उन्हें निर्धारित स्टाइपेंड का लाभ मिलना चाहिए। गुरुवार शाम करीब पांच बजे मेडिकल कॉलेज गेट, बरेली रोड से शुरू हुए पैदल मार्च में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की। सिंधी चौराहे से होते हुए रामपुर गेट पहुंचने के बाद मार्च का समापन मेडिकल कॉलेज परिसर में किया गया, जहां छात्रों ने दोबारा धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने सरकार से मांग की है कि ₹15 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड का शासनादेश तत्काल जारी कर इसे इंटर्नशिप कर रहे सभी पात्र विद्यार्थियों पर लागू किया जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




