नैनीताल। भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई के लिए जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने 9 जुलाई को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई स्थगित रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी पूरे दिन बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।







