हल्द्वानी। मानसून के दौरान शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने और जलभराव जैसी समस्याओं से तत्काल निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम, एडीबी, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निर्माण निगम और अन्य विभागों के अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने, नियमित निरीक्षण करने और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने नगर निगम सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मानसून के दौरान सड़कों के रखरखाव, गड्ढों की तत्काल मरम्मत और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में यूयूएसडीए (एडीबी) के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तीनपानी से नरीमन तिराहा, कालूसिद्ध चौराहे से कटघरिया तथा मुखानी चौराहे से कोलटैक्स तक के मार्गों के लिए संबंधित सहायक अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रतिदिन स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।
बारिश के कारण जहां भी गड्ढे बनें, मौसम अनुकूल होते ही तत्काल उनकी मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में एडीबी द्वारा संचालित तीन पैकेजों के कार्यों के लिए प्रत्येक पैकेज में दो-दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें मानसून और आपदा अवधि के दौरान चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी तथा जिला आपदा परिचालन केंद्र या अन्य माध्यमों से सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जलभराव, जल निकासी, सड़क क्षति और गड्ढों की मरम्मत सहित आवश्यक कार्रवाई करेंगी। पेयजल निर्माण निगम को राजपुरा, सुभाष नगर, जगदम्बा नगर, इंदिरा नगर और अन्य क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की बैकफिलिंग और प्रतिदिन निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि यदि बारिश के दौरान कहीं सड़क धंसती है या गड्ढे बनते हैं तो तत्काल समतलीकरण और कम्पेक्शन कराया जाए। वहीं वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद इन क्षेत्रों में स्थायी डामरीकरण कर सड़क पुनर्निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
बैठक में एडीबी अधिकारियों को जीएसटी कार्यालय, कटघरिया और अन्य आवश्यक स्थलों के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने, तीनपानी से मंडी मार्ग पर बिजली के पोल शिफ्ट करने तथा ह्यूम पाइप बिछाने के कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे मानसून और आपदा काल में मोबाइल फोन लगातार चालू रखें, मुख्यालय पर उपलब्ध रहें और किसी भी आपात सूचना पर बिना देरी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







