हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड द्वारा बजट 2026–27 को लेकर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन हल्द्वानी में प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन के निवास पर किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीस गौड़ एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन ने किया। चर्चा के दौरान मुख्य वक्ताओं ने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि बजट 2026–27 संतुलित होने के साथ-साथ अल्पसंख्यक समाज के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
वक्ताओं ने बताया कि इस बजट में अल्पसंख्यक समाज के लिए लगभग 3400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री महमूद हसन बंजारा, प्रदेश उपाध्यक्ष शमशाद हुसैन, कुमाऊं संयोजक महबूब अली, गढ़वाल संयोजक इसरार अल्वी, जिला अध्यक्ष अली नकवी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जहीर अंसारी, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी युसूफ मालिक, ओबीसी आयोग सदस्य डॉ. जेड. वारसी, हज कमेटी सदस्य तरन्नुम खान सहित अल्पसंख्यक मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में बजट के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान पर जोर देने की बात कही गई और इसे राज्य के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।






