कोटद्वार। फायर एनओसी के नवीनीकरण के नाम पर रिश्वत लेने का गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार को लीडिंग फायरमैन रणधीर सिंह, फायर स्टेशन कोटद्वार को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए फायर स्टेशन के समीप से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जिससे विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी फायरमैन द्वारा शिकायतकर्ता से मालिनी वैली कॉलेज ऑफ एजूकेशन, कोटद्वार की भवन संबंधी फायर एनओसी रिन्यूअल करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद संबंधित एजेंसी द्वारा जाल बिछाया गया और पूर्व नियोजित कार्रवाई के तहत आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।






