- ईद से पूर्व पानी, सफाई और टूटी सड़कों की मरम्मत की मांग, जवाहर नगर का वर्षों पुराना रास्ता बंद न करने को लेकर भी सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी। बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) से पहले हल्द्वानी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की चिंता खुलकर सामने आई है। विभिन्न वार्डों के पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पेयजल संकट, टूटी सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। पार्षदों का कहना है कि ईद के दौरान मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में पेयजल आपूर्ति और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि 28 मई को ईद-उल-अजहा के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ जुटेगी, लेकिन कई वार्डों में पहले से ही पेयजल संकट बना हुआ है। बनभूलपुरा, जवाहर नगर, काठगोदाम, राजपुरा, गांधी नगर, उत्तर उजाला, लाइन नंबर-8 और लाइन नंबर-17 समेत कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा कई सड़कें क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, जहां गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। पार्षदों ने प्रशासन से ईद से पूर्व संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। इसी दौरान वार्ड नंबर-15 के पार्षद सलमान सिद्दीकी ने अलग से ज्ञापन सौंपते हुए जवाहर नगर से रेलवे स्टेशन के सामने तक जाने वाले वर्षों पुराने रास्ते को बंद किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से हजारों लोगों की आवाजाही होती है और इसे बंद करने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रास्ते को खुला रखने की मांग की, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद सलीम सैफी, रोहित कुमार, सलमान सिद्दीकी, पार्षद प्रतिनिधि मौकीन सैफी, नदीम सैफी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





