- कमरे से आ रही थीं चीखने की आवाजें, मास्टर की से खुला दरवाजा, यूपी के युवक की संदिग्ध मौत की जांच में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कमरे के बाथरूम में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। हनुमान मंदिर के पास स्थित होटल नंदी में ठहरे युवक के कमरे से देर शाम चीखने की आवाजें आने के बाद होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। युवक बाथरूम में मृत अवस्था में मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है, जो शुक्रवार सुबह होटल में ठहरा था।
देर शाम करीब 8:30 बजे उसके कमरे से तेज आवाजें और चीखने की ध्वनि सुनाई देने पर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर मास्टर की से कमरा खोला गया, जहां युवक बाथरूम के फर्श पर मृत मिला। पुलिस के मुताबिक कमरे और बाथरूम में उल्टी फैली हुई मिली, जिससे मामले को संदिग्ध मानते हुए होटल के कमरे को सील कर दिया गया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि युवक हल्द्वानी किस उद्देश्य से आया था तथा घटना से पहले कमरे में क्या हुआ। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद मामले में कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।





