हल्द्वानी। शहर में विदेशी मदिरा की दुकानों पर हो रही ओवररेटिंग की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण अभियान चलाया।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई, एसडीएम प्रमोद कुमार और तहसीलदार कुलदीप सिंह की संयुक्त टीम ने शहर की चार दुकानों का निरीक्षण किया, जिसमें तीन दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने का मामला सामने आया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदार ग्राहकों से निर्धारित दर से अधिक रकम वसूल रहे थे।

ब्लेंडर्स प्राइड के क्वार्टर पर 5 रुपये और मैजिक मोमेंट्स पर 10 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही थी। टीम ने मौके पर ही इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया कि कई बोतलों पर लगे क्यूआर कोड काम नहीं कर रहे थे, जिससे उत्पाद की सत्यता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे और बिलिंग मशीनें चालू अवस्था में पाई गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि बाजार में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं को सही मूल्य पर वस्तुएं उपलब्ध हो सकें।






