- मीडिया सेंटर की शोक सभा में फोन पर जुड़े मुख्यमंत्री
- पत्रकारों ने नए मीडिया सेंटर का नाम स्व. जोशी के नाम पर रखने का रखा प्रस्ताव
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर सोमवार को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से सभा को संबोधित कर स्व. जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके असमय निधन को सभी के लिए बड़ी क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी हमेशा सक्रिय रहकर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है और वह व्यक्तिगत रूप से इससे आहत हैं। उन्होंने कहा कि जोशी ने अपने कार्य और व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरण में रहेगी। सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहयोग करेगी।
शोक सभा में मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से हल्द्वानी में निर्माणाधीन नए मीडिया सेंटर का नाम स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखने का सामूहिक प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सभी से विचार-विमर्श और सहमति के बाद स्व. जोशी की स्मृति को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, मीडिया सेंटर प्रभारी सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




