- संभावित प्रत्याशियों को चुनावी नियमों की जानकारी
- बिना आईडी प्रवेश और प्रिंटेड पोस्टर पर रोक
हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर MBPG कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए। सभी प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज में अध्ययनरत नहीं होने वाले बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि छात्रों को बिना पहचान पत्र परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कॉलेज परिसर में किसी भी प्रचार या कार्यक्रम के लिए एक दिन पहले कॉलेज प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रचार के लिए प्रिंटेड पोस्टर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केवल हाथ से बनाए पोस्टर और पंपलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर रैली निकालने पर भी रोक रहेगी। रात के समय परिसर में अनावश्यक घूमने या प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बैठक में संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी और विश्वविद्यालय की चुनाव संबंधी निर्देशिका वितरित कर उसके पालन के लिए हस्ताक्षर भी कराए गए। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




