हल्द्वानी/नैनीताल। सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को कुमाऊं मंडल में बड़ा अभियान चलाते हुए 100 से अधिक वाहनों के चालान किए और पांच वाहनों को सीज कर दिया।अभियान के दौरान नैनीताल में अवैध रूप से प्रवेश कर रही रेंटल टैक्सी बाइकों, धुआं उगल रही बसों और फिटनेस मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न टीमों ने हल्द्वानी, रामनगर, बाजपुर, कालाढूंगी और नैनीताल क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडेय, अनुभा आर्य और संभागीय निरीक्षक विनोद गुंजियाल की टीम ने रामनगर-बाजपुर-कालाढूंगी मार्ग पर बसों की मैकेनिकल और फिजिकल फिटनेस की जांच की। इस दौरान अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई तथा मौके पर ही 20 वाहनों की प्रदूषण जांच कराकर उन्हें प्रदूषण प्रमाण पत्र जारी किए गए।
वहीं परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार और जगदीश चंद्र के नेतृत्व में नैनीताल शहर में प्रवेश करने वाली रेंटल और टैक्सी बाइकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 35 रेंटल टैक्सी बाइकों का चालान करते हुए प्रत्येक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने चेतावनी दी कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के परमिट निलंबित अथवा निरस्त कर दिए जाएंगे। अभियान के दौरान नौ बसों की मैकेनिकल और फिजिकल स्थिति मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने बताया कि पूरे अभियान में 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच वाहनों को बंद (सीज) किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







