हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंटबाजी और रील बनाना लखनऊ से आए पर्यटकों को महंगा पड़ गया। काठगोदाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर भारी चालान किया, कार से प्रतिबंधित काली फिल्म उतरवाई और सभी पर्यटकों को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस ने साफ कहा है कि पर्यटन के नाम पर सड़क पर जानलेवा करतब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली कि नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कुछ युवक चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर खतरनाक तरीके से वीडियो बना रहे हैं, जिससे उनकी और अन्य राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है।
मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर जांच की। जांच में कार के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी मिली, जिसे मौके पर ही हटवा दिया गया। साथ ही स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन का चालान किया गया।पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि वे लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे। पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की सख्त चेतावनी दी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन पर्यटन की आड़ में हुड़दंग, स्टंटबाजी और सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में भारी चालान के साथ वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।







