हरिद्वार। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान पंजाब निवासी एक तस्कर को करीब 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचने में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार की जांच की।
पुलिस को देखकर कार में बैठा व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने, हेरोइन के स्रोत और इसे खरीदने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।







