हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंदन हॉस्पिटल की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली का संदेश दिया गया। योग प्रशिक्षक प्रियंका और उनकी टीम के मार्गदर्शन में करीब 150 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।कार्यक्रम के दौरान चंदन हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों की बीपी, शुगर, ऑक्सीजन लेवल (SpO₂), ऊंचाई, वजन समेत पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) की जांच की गई। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रिविलेज हेल्थ कार्ड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर चंदन हॉस्पिटल के इमरजेंसी हेड डॉ. मुनीब और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. निखत ने स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने नियमित योग, संतुलित जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और विचारों के संतुलन का माध्यम है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।





