रुड़की। राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में हाईटेंशन बिजली लाइन गिरने से अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से ट्रक के डीजल टैंक को फटने से बचा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में राजमहल होटल के पास खड़े ट्रक में आग लगी है। सूचना पर फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां हाईटेंशन बिजली लाइन गिरने से ट्रक धधक रहा था।
मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन जांच में पता चला कि बिजली की लाइन अभी कटी नहीं थी। फायर कर्मियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और चेतक मोबाइल के माध्यम से बिजलीघर से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद होज पाइप फैलाकर पंपिंग के जरिए आग पर कड़ी मेहनत से पूर्ण रूप से नियंत्रण पाया गया। फायर सर्विस की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से ट्रक के डीजल टैंक को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
आग बुझाने वाली टीम में डीवीआर विपिन सिंह, एलएफएम विपिन सैनी, फायरमैन हरीश चंद्र, सुनील सिंह और अभिषेक कुमार शामिल रहे।





