- रिहायशी इलाकों में चल रही कबाड़ की दुकानों पर शिकंजा, हादसे की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने दी सख्त चेतावनी
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी ने बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण और अव्यवस्थित कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कार्रवाई की है। लाइन नंबर-8 में चलाए गए अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने रिहायशी इलाकों में संचालित कबाड़ियों की दुकानों का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 कबाड़ियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 59 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार रिहायशी क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में कबाड़ जमा होने से कभी भी गंभीर हादसे की संभावना बनी रहती है।
इसी को देखते हुए नगर निगम ने कबाड़ियों को जल्द से जल्द अपनी दुकानें और सामान निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में किए गए 10 अस्थाई अतिक्रमण भी हटाए। अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में नगर आयुक्त परितोष वर्मा के साथ गणेश भट्ट, अमोल असवाल, चतर सिंह सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।





