- विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में दबोचा गया आरोपी, शिकायत पर गठित टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
रुड़की। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने तहसीलदार कार्यालय रुड़की में तैनात पीआरडी कर्मी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।आरोपी पर आरोप है कि उसने एक महिला की भूमि के दाखिल-खारिज को रजिस्टर में दर्ज कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 4500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि संदीप कुमार, जो तहसीलदार रुड़की कार्यालय में पेशकार का कार्य देख रहा था, उसकी बहन की भूमि के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद विजिलेंस थाना देहरादून सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 19 जून 2026 को संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी थिथोला, थाना मंगलौर, हरिद्वार को तहसीलदार कार्यालय रुड़की से गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस के अनुसार आरोपी रिश्वत की धनराशि लेने के बाद उसे किसी अन्य व्यक्ति को देकर मौके से भागने और साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास कर रहा था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






