हरिद्वार। देहरादून से दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही एक महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस बुधवार तड़के हरिद्वार-दिल्ली रोड पर अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना सुबह करीब चार बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हुई। बस में सवार 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 देहरादून से दिल्ली-जयपुर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में तकनीकी खराबी के चलते बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। हालांकि यात्रियों का अधिकांश सामान और लगेज बस में ही रह गया, जो आग में जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए यातायात व्यवस्था संभाली। इसके साथ ही रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। बस चालक अरुण कुमार ने प्रारंभिक जांच में बताया कि आग संभवतः इंजन की ओर से लगी थी। बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने संकट की घड़ी में पुलिस और प्रशासन द्वारा दी गई त्वरित सहायता तथा बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






