- वन विभाग में संविदा कर्मी मेवा लाल की निर्मम हत्या, साथी पर शक
हल्द्वानी। हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज हत्या ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। वन विभाग में संविदा पर कार्यरत 50 वर्षीय मेवा लाल की अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। जंगल क्षेत्र में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई और देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के एक करीबी साथी पर संदेह जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतक मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद का निवासी था और हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि देर रात उसका खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। हत्या बेहद बेरहमी से की गई, जिससे मामला और भी गंभीर माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और टीपीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस जांच में तेजी से आगे बढ़ रही है और मृतक के एक साथी पर शक के आधार पर पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आपसी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।





