देहरादून। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंचाई विभाग और कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित कुल 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग तथा 10 पद कृषि विभाग के शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की और कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार उस सोच को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण नहीं बल्कि युवाओं की वर्षों की मेहनत, संघर्ष और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि चयनित युवा ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसी भी युवा की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, परिवार का संघर्ष और लगातार की गई मेहनत छिपी होती है। सरकार की भर्ती प्रक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था ही योग्य युवाओं को अवसर दिला सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अब नौकरी केवल मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य में करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी रोजगार दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही रिवर्स पलायन में वृद्धि हुई है, जिससे पहाड़ का युवा अब रोजगार के लिए पलायन नहीं बल्कि अपने प्रदेश में संभावनाएं तलाश रहा है। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का नया अध्याय है। वहीं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब केवल पात्र और मेहनती युवाओं को ही नौकरी मिल रही है और आज युवा रोजगार के साथ-साथ स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।





