- आधी रात नैनीताल में दो स्थानों पर लगी आग से मची अफरा-तफरी, समय रहते दमकल ने बचाया बड़ा हादसा
नैनीताल। नैनीताल में शुक्रवार तड़के आग की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना भोटिया मार्केट में हुई, जहां सिलेंडर विस्फोट के बाद दो फास्ट फूड की दुकानें भीषण आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। वहीं दूसरी घटना गाड़ी पड़ाव स्थित मायाजाल गेमिंग ज़ोन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की रही, जिस पर दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते काबू पा लिया। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि सुबह 5:02 बजे सूचना मिली कि भोटिया मार्केट स्थित तमांग मोमोज फास्ट फूड की दुकान में भीषण आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन फायर यूनिट मौके पर पहुंचीं। जांच में सामने आया कि सिलेंडर विस्फोट के कारण तमांग मोमोज फास्ट फूड और उसके पास स्थित राजेश्वरी फास्ट फूड की दुकानें पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थीं। दमकल कर्मियों ने चार होज़ पाइप और एक होज़ रील के माध्यम से आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन दुकानों की टीन की छत बाधा बन रही थी।
इसके बाद जवानों ने क्रोबार से छत हटाकर आग तक पहुंच बनाई और लगातार पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। अभियान के दौरान एक फायर टेंडर का पानी समाप्त होने पर दूसरे वाहन से पंपिंग कर निर्बाध जलापूर्ति की गई। इससे पहले सुबह करीब 3:36 बजे गाड़ी पड़ाव स्थित आर्य समाज भवन के पीछे मायाजाल गेमिंग ज़ोन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग ने दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। फायर स्टेशन मल्लीताल ने आमजन से गैस सिलेंडर और विद्युत उपकरणों का उपयोग पूरी सावधानी से करने तथा किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा को सूचना देने की अपील की है।







