- संयुक्त निरीक्षण अभियान में एक गेस्ट हाउस को नोटिस, दो इकाइयां मानकों पर खरी उतरीं, डीएम के निर्देश पर कार्रवाई तेज
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे होम स्टे और गेस्ट हाउसों पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर पर्यटन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक इकाई को नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित होम स्टे और गेस्ट हाउसों का व्यापक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल छह इकाइयों का सत्यापन किया गया, जिसमें कई स्थानों पर नियमावली के उल्लंघन के मामले सामने आए।
निरीक्षण के दौरान इन्जा गेस्ट हाउस में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे नोटिस जारी किया गया। वहीं जी.पी. गेस्ट हाउस, लेक थैरेपी होम स्टे और सूर्या हॉलिडे होम पर पर्यटन विभाग की नियमावली का पालन न करने के कारण प्रति इकाई 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। दूसरी ओर ग्वान होम स्टे और एल्फिन गेस्ट हाउस सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होते पाए गए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी होम स्टे एवं गेस्ट हाउसों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग की नियमावली का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और मानक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।






