- ओवरलोडिंग, शराब पीकर ड्राइविंग और खतरनाक तरीके से सरिया-पाइप ढोने वालों पर कसा शिकंजा
हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने रात के समय नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। सचिव एवं आयुक्त परिवहन उत्तराखंड रविनाथ रमन के निर्देश पर 20 और 21 अगस्त को हल्द्वानी संभाग के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत में चलाए गए विशेष रात्रि चेकिंग अभियान में 1,062 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 117 वाहनों को सीज कर दिया गया। आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अरविंद पांडेय के निर्देशन में चले अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग, मालवाहनों में यात्रियों को बैठाने तथा मानक के विपरीत लाइटों के इस्तेमाल पर विशेष कार्रवाई की गई।
क्षमता से अधिक भार ले जा रहे 98 वाहन, खतरनाक तरीके से सरिया-पाइप ढो रहे 28 वाहन और ओवरसाइज-ओवरहाइट 57 वाहनों पर कार्रवाई हुई। वहीं ड्रंकन ड्राइविंग के 14 मामले सामने आए। जनपदवार कार्रवाई में ऊधम सिंह नगर सबसे आगे रहा, जहां रुद्रपुर और काशीपुर में कुल 666 चालान और 78 वाहन सीज किए गए। नैनीताल जिले में 244 चालान और 23 वाहन सीज हुए, जबकि चंपावत में 152 चालान कर 13 वाहन सीज किए गए। आरटीओ अरविंद पांडेय ने चेतावनी दी कि रात में ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और वाहनों से बाहर निकले सरिया-पाइप जैसी लापरवाहियां गंभीर हादसों का कारण बनती हैं। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और विशेष रात्रि चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





