- पूर्णिमा स्नान कर राजस्थान लौट रहे यात्रियों की बस हरिद्वार में हादसे का शिकार, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
हरिद्वार। हरिद्वार में पूर्णिमा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। सप्तऋषि चौकी के सामने हाईवे कट पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 38 यात्री घायल हो गए। घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार राजस्थान के नागौर जिले से आए श्रद्धालु हरिद्वार में पूर्णिमा स्नान के लिए पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे।
सोमवार सुबह लगभग 7:15 बजे तीन बसों में सवार होकर वे वापस राजस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान बस संख्या AR 06-C-0963 सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी कि देहरादून की तरफ से आ रहे डंपर संख्या UK08-CB-8077 ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चियां घायल हुई हैं, जिनका उपचार जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल में चल रहा है। मृत महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











