- कुमाऊं की लाइफलाइन हाईवे को सुचारु रखने की तैयारी, पुल निर्माण में बाधा बने 11 अतिक्रमण हटाए जा रहे
हल्द्वानी। कुमाऊं की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कलसिया ब्रिज के निर्माण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नए पुल और वैकल्पिक अस्थायी पुल के निर्माण में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए चिन्हित दुकानों और ढांचों को खाली कराना शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस और अतिरिक्त समय दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए, जिसके बाद बलपूर्वक कार्रवाई की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए पुराने कलसिया ब्रिज के स्थान पर शासन से स्वीकृत धनराशि के तहत नया दो लेन पुल बनाया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए अपर स्ट्रीम में करीब 34 मीटर स्पान का अस्थायी पुल भी लॉन्च किया जाएगा। लगभग दो से ढाई माह पूर्व भूमि चिन्हित कर अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए थे और समय मांगने पर अतिरिक्त मोहलत भी दी गई, लेकिन कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 11 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें सात दाईं ओर और तीन-चार बाईं ओर स्थित हैं। तहसील नैनीताल क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।











