- लालकुआं में एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी, मजिस्ट्रेटी जांच की प्रक्रिया शुरू
लालकुआं। संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव कमरे के भीतर पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। पुलिस ने ई-एविडेंस के तहत घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य संकलित किए हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 लालकुआं निवासी लगभग 20 वर्षीय अंजुम पत्नी मोहिन खान ने कथित रूप से कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है तथा विधिक कार्रवाई के तहत मजिस्ट्रेट नियुक्ति के लिए पत्राचार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मजिस्ट्रेट के मौके पर पहुंचने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।










