हल्द्वानी। उपजिलाधिकारी मोनिका आर्या के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने सुशीला तिवारी चिकित्सालय के निकट स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान शुभ मेडिकल स्टोर एवं रेहमान मेडिकल स्टोर की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर हुईं। संयुक्त टीम को रेहमान मेडिकल स्टोर में प्रिस्क्रिप्शन फाइल एवं रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला, जबकि प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित नहीं पाए गए। आवश्यक अभिलेख अधूरे मिले और निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी सामने आई। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही मेडिकल स्टोर में औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगाने की कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, नियंत्रित दवाओं के रखरखाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और वैधानिक मानकों के अनुपालन की गहन जांच की। संबंधित संचालकों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी अभिलेख अद्यतन करते हुए कमियों का निराकरण सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा तथा औषधियों का विक्रय केवल तय मानकों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही स्वीकार्य होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












