हल्द्वानी। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में हल्द्वानी नगर क्षेत्र में एडीबी सहायतित उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) के अंतर्गत संचालित सीवरेज, पेयजलापूर्ति, सड़क पुनर्निर्माण एवं वर्षा जल प्रबंधन कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रशासन ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बैठक में स्पष्ट किया कि सीवर कार्यों से प्रभावित सड़कों का निर्माण तेजी से पूरा किया जाए तथा अवशेष सभी सड़क निर्माण कार्य 20 जून से पहले हर हाल में पूर्ण किए जाएं। बैठक में जानकारी दी गई कि परियोजना के तहत अब तक 216 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 94 किलोमीटर सड़क निर्माण अभी शेष है। इनमें 64 किलोमीटर बिटुमिनस सड़क और 30 किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण किया जाना है। प्रशासन ने कुसुमखेड़ा, कटघरिया, ऊँचापुल चौराहे और तीनपानी से मंडी तक चल रहे कार्यों को प्राथमिकता पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
शनि बाजार नाले के डायवर्जन कार्य के लिए रेलवे विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) लेने हेतु नोडल अधिकारी नामित करने तथा रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए। वहीं नरिमन से गौला पुल के मध्य सड़क कार्य जून के प्रथम पक्ष तक पूरा करने और नई विद्युत लाइन को 1 जून से चार्ज कर पुराने बिजली पोल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने तीनपानी से मंडी के बीच 33 केवी विद्युत लाइन को भूमिगत करने, राजपुरा व सुभाष नगर क्षेत्र में पेयजल लाइन और सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। देवखड़ी नाले की डिसिल्टिंग में तेजी लाने, अतिरिक्त मशीनरी लगाने तथा जीएसटी कार्यालय के समीप दुर्घटना संभावित क्षेत्र में साइफन निर्माण की संभावना का परीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।












