- बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ विवाद, हाथ से मुंह दबाने से हुई मौत
- सोने का कड़ा लेकर फरार हुआ था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका के घर से जुड़े काम करने वाला विनीत कुमार ही घटना का मुख्य आरोपी निकला। बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने महिला के चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार किया और उनके चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से मुंह और नाक दबा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी महिला के हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा मृतका के पति की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार के घटना में शामिल होने के अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया पीली धातु का कड़ा, घटना में इस्तेमाल किया गया आरोपी का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून में रह रहा है। वह रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था और मृतका के पति की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप में भी हेल्पर का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 15 वर्षों से परिवार को जानता था और उसकी कुछ मजदूरी की रकम बकाया थी। पैसे मांगने को लेकर उसका विवाद हुआ और इसी दौरान उसने रेखा बंसल पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला के गिरने के बाद जब वह चिल्लाने लगीं तो आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने हाथ से उनका मुंह और नाक दबा दिया। महिला की मौत होने का विश्वास होने के बाद आरोपी ने उनके हाथ से सोने का कड़ा निकाला और वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है और न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मामले के खुलासे पर आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये तथा एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली, नौगांव, तहसील बड़कोट, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। मामले के खुलासे में रायपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





