- 05 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों समेत आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 05 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शनिवार, 05 सितंबर 2026 को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान और समस्त आंगनबाड़ी केंद्र शनिवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। लगातार तेज बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे, जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिले में पहले से ही बारिश के कारण कई सड़क मार्ग प्रभावित हैं और नदी-नालों में जलप्रवाह बढ़ा हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग के नए अलर्ट के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।





