- बनभूलपुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक
- शिक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने की जांच
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे दो मदरसों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में प्रशासन, शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालन से संबंधित आवश्यक वैध अनुमति और दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर प्रशासन ने तत्काल दोनों मदरसों को सील कर दिया। प्रशासनिक टीम सबसे पहले मदरसा तालीम उल इस्लाम, लाइन नंबर-18 आजाद नगर पहुंची। इसके बाद टीम ने मदरसा मरकजी दारुल उलूम इशातुलहक, किदवई नगर का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मदरसा संचालकों से संस्थान के संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन जांच के दौरान आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।
दस्तावेजों की कमी सामने आने के बाद प्रशासन ने दोनों संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति संचालित हो रहे मदरसों की जानकारी सामने आने के बाद संयुक्त टीम द्वारा जांच अभियान शुरू किया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम के गठन के बाद मदरसा बोर्ड को भंग किया जा चुका है। वर्तमान व्यवस्था के तहत मदरसों के संचालन के लिए शिक्षा विभाग और उत्तराखंड मदरसा प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन किए बिना संचालित किए जा रहे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित हो रहे अन्य संस्थानों पर भी जांच की संभावना बढ़ गई है।





