बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत लालकुआं रेलवे स्टेशन यार्ड में प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्य के चलते रेल सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा और आधुनिकीकरण कार्यों को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को निरस्त, पुनर्निर्धारित तथा आंशिक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार 6 और 7 अप्रैल को लालकुआं-मुरादाबाद, मुरादाबाद-लालकुआं, लालकुआं-काशीपुर, काशीपुर-रामनगर सहित कई सवारी गाड़ियां पूरी तरह निरस्त रहेंगी। इसके अलावा कासगंज-रामनगर सवारी गाड़ी को 165 मिनट देरी से चलाया जाएगा।
वहीं कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोका जाएगा। कासगंज-लालकुआं एक्सप्रेस को इज्जतनगर तक ही संचालित किया जाएगा, जबकि अन्य ट्रेनों को काशीपुर और पंतनगर में ही समाप्त किया जाएगा। इसी तरह कुछ ट्रेनों का संचालन लालकुआं के बजाय पंतनगर और इज्जतनगर से शुरू किया जाएगा, जिससे उनके आंशिक मार्ग पर सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्य भविष्य में बेहतर और सुरक्षित रेल संचालन के लिए किया जा रहा है।








