देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) बनाया है। शासन के आदेश के तहत प्रोन्नति कोटा के रिक्त पदों पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, जिससे पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और कार्यक्षमता आने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 निरीक्षक और समकक्ष अधिकारियों को पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) बनाया गया है। पदोन्नति के साथ ही इन अधिकारियों को विभिन्न जनपदों और इकाइयों में नई तैनाती भी दी गई है। पदोन्नत अधिकारियों में चन्द्र मोहन, भावना कैंथोला, होशियार सिंह, देवेंद्र सिंह, चंचल शर्मा, अंजना नेगी, उमेश मलिक, संतोष कुमार बगडवाल, वेद प्रकाश और संजय कुमार उप्रेती शामिल हैं।


इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय ने जनहित और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले भी किए हैं। जिन अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है उनमें अनुज, अनुज कुमार, रीना राठौर, विमल प्रसाद और नितिन लोहानी के नाम प्रमुख हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। इस निर्णय को पुलिस विभाग में कार्यकुशलता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






