रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चली इस व्यापक कार्रवाई में पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 19 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है। इस दौरान कुल 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई संचालक व सहयोगी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को लंबे समय से मिल रही गोपनीय सूचनाओं और स्थानीय शिकायतों के आधार पर रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में सक्रिय स्पा सेंटरों को चिन्हित किया गया था। इसके बाद पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने एक साथ दबिश देकर कई स्थानों पर स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होते हुए पकड़ीं।

मौके से ग्राहकों और संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पंतनगर क्षेत्र में मेट्रोपोलिस मॉल स्थित कई स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में भी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर चालान की कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं का मेडिकल परीक्षण, काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे सभी नेटवर्क को चिन्हित कर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और वैधता की भी गहन जांच जारी है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।






