- चार युवकों की मौत वाले हादसे के हर पहलू की होगी वैज्ञानिक जांच, सड़क सुरक्षा उपायों पर बनेगी रिपोर्ट
हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद नैनीताल पुलिस ने दुर्घटना की गहन जांच शुरू कर दी है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क की स्थिति, पुल के घुमाव, दोनों वाहनों की दिशा तथा दुर्घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। एसएसपी ने अधिकारियों को हादसे के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुधारात्मक उपायों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 11 जुलाई की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार चार युवकों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम एवं यातायात तथा एसपी सिटी हल्द्वानी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि यह बेहद दुखद और गंभीर दुर्घटना है, जिसके प्रत्येक पहलू का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाती रहेगी।







