हल्द्वानी। नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और हाल ही में तीनपानी फ्लाईओवर पर चार युवकों की मौत के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इन हादसों की रोकथाम के लिए जल्द ही आगामी सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआई, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ तकनीकी स्तर पर व्यापक समीक्षा की जाएगी।
डीएम ने बताया कि आगामी सप्ताह में आयोजित होने वाली रोड सेफ्टी बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों का विश्लेषण कर विशेषज्ञ एजेंसियों के तकनीकी सुझावों के आधार पर प्रभावी सुरक्षा उपाय तय किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने तीनपानी फ्लाईओवर पर स्कूटी और स्कॉर्पियो की टक्कर में चार युवकों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए जाने की भी पुष्टि की। डीएम ने कहा कि जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर 21 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में दुर्घटना के कारणों के साथ भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल होंगे।







