- महापौर गजराज सिंह विष्ट ने किया शुभारंभ, डंपिंग स्थल के पुनर्विकास और स्वच्छ शहर की दिशा में बड़ा कदम
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी ने शहर की सबसे बड़ी स्वच्छता चुनौती माने जाने वाले वर्षों पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ कर दिया है। महापौर गजराज सिंह विष्ट ने सोमवार को प्लांट का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस परियोजना से डंपिंग स्थल पर जमा पुराने कचरे का पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण होगा और भविष्य में इस भूमि का पुनर्विकास भी संभव हो सकेगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाना है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने तथा सभी पर्यावरणीय और वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर टोलिया सहित अन्य अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।







