- 8 चालान कर वसूले 6 हजार रुपये, दो वाहन और एक ठेला जब्त
हल्द्वानी। शहर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को मुखानी चौराहे से कार्यशाला तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान फुटपाथों पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यापार कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ चालान किए गए और 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं दो वाहनों के साथ एक ठेले को भी जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान फुटपाथों पर लगे ठेले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाकर पैदल राहगीरों के लिए रास्ता खाली कराया।
अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा फुटपाथ पर कब्जा न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अभियान का नेतृत्व नगर निगम के नोडल अतिक्रमण अधिकारी गणेश भट्ट ने किया। इस दौरान आई.पी. पंत, अमोल असवाल सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आम नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







